16.12.16

शिक्षकों के प्रमोशन के लिए विज्ञप्ति जारी: LUCKNOW

शिक्षकों के प्रमोशन के लिए विज्ञप्ति जारी: LUCKNOW

TGT-PGT भर्ती में गृह विज्ञान और भौतिक विज्ञान का रिजल्ट हुआ जारी

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने आखिरकार लंबे समय से अटके परीक्षा परिणाम को जारी कर दिया है।
प्रवक्ता 2013 भौतिक विज्ञान के फाइनल रिजल्ट की बहुत दिनों से मांग हो रही थी, लेकिन अब जारी किया गया है। ऐसे ही स्नातक शिक्षक यानी एलटी ग्रेड गृह विज्ञान का रिजल्ट भी घोषित हो गया है। चयन बोर्ड का दावा है कि जैसे-जैसे साक्षात्कार पूरे होंगे परीक्षा परिणाम जारी होते रहेंगे।
चयन बोर्ड में प्रवक्ता 2013 भौतिक विज्ञान का साक्षात्कार काफी समय पहले हो चुका था, लेकिन अब तक रिजल्ट न आने से तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे। इसी बीच युवाओं ने अफसरों पर रिजल्ट के लिए दबाव बनाया तो उसका असर भी दिखा है। चयन बोर्ड सचिव रूबी सिंह ने बताया कि प्रवक्ता बालक संवर्ग में 27 सामान्य वर्ग, 14 पिछड़ी जाति एवं 10 अनुसूचित जाति के युवाओं का चयन हुआ है। ऐसे ही बालिका संवर्ग में चार सामान्य वर्ग को चयनित किया गया है। इन सभी को कार्यभार ग्रहण करने के लिए विद्यालयों का भी आवंटन कर दिया गया है।
इसी तरह स्नातक शिक्षक यानी एलटी ग्रेड गृह विज्ञान बालक संवर्ग में 55 सामान्य वर्ग, 33 पिछड़ी जाति एवं 16 अनुसूचित जाति के युवा चयनित हुए। वहीं, बालिका संवर्ग में पांच सामान्य वर्ग, दो पिछड़ा वर्ग और इतने ही अनुसूचित जाति की युवतियों का चयन हुआ। यह साक्षात्कार कुछ दिन पहले ही पूरा हुआ है। सचिव ने बताया कि जारी परिणाम में कुल 168 युवाओं को शिक्षक बनने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया तेजी से चल रही है, जल्द ही अन्य विषयों के परिणाम भी जारी होंगे।

यूपी में अनुदेशक भर्ती की काउंसिलिंग फिर फंसी, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशक भर्ती लेटलतीफी का शिकार

इलाहाबाद : बेसिक शिक्षा परिषद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशक भर्ती लेटलतीफी का शिकार है। सितंबर में शासनादेश जारी होने के बाद से तीन माह बीत रहे हैं, अभी तक
काउंसिलिंग की तारीख घोषित नहीं हो सकी है। यह हाल तब है, जब प्रदेश सरकार की मंशा है कि विधानसभा चुनाव के ऐन मौके पर युवाओं की भर्ती प्रक्रिया चलती रहे। आवेदन लेने के बाद यह भर्ती प्रक्रिया एनआइसी में अटक गई है, क्योंकि अभी तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का डाटा परिषद मुख्यालय को नहीं मिला है। प्रदेश भर में परिषद की ओर से संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में खेलकूद तथा शारीरिक शिक्षा के अंशकालिक 32022 अनुदेशकों की संविदा पर नियुक्ति प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इसका आदेश शासन ने 19 सितंबर को जारी किया, इसके एक माह बाद भर्ती के लिए 24 अक्टूबर से वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन लिए गए। उस समय नोटबंदी के कारण बैंकों से पर्याप्त सहयोग न मिलने पर परिषद ने ई-चालान से शुल्क जमा करने एवं आवेदन की मियाद बढ़ा दी थी। इससे दावेदारों की संख्या तेजी से बढ़ी। भर्ती के लिए एक लाख 54 हजार 216 ने आवेदन किया है। इसमें 8625 विकलांग आवेदक भी हैं। वहीं बीते 28 से 30 नवंबर शाम पांच बजे तक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन में संशोधन किया है, इसी के साथ पहला चरण पूरा हो गया है। अब दूसरे चरण में काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू होनी है। इसके लिए एनआइसी से अधिकृत रिपोर्ट मांगी गई है। ऑनलाइन आवेदन में संशोधन हुए एक पखवारा बीत गया है, लेकिन एनआइसी के जवाब का इंतजार हो रहा है। माना जा रहा है कि उसके बाद काउंसिलिंग की तारीखें घोषित होंगी। वहीं, दूसरी ओर आवेदकों में यह चर्चा भी तेज है कि इसी बीच विधानसभा चुनाव की अधिसूचना लागू होने से यह भर्ती कहीं आचार संहिता की भेंट न चढ़ जाए। हालांकि अफसरों का कहना है कि इसकी प्रक्रिया पहले से चल रही है इसलिए बीच में प्रक्रिया बीच में रोकी नहीं जाएगी और जल्द ही काउंसिलिंग एवं नियुक्ति पत्र बांटने के निर्देश जारी होंगे।

16,460 शिक्षक भर्ती का शासनादेश जारी, प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में फिर होंगी नियुक्तियां

राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद : बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित प्राथमिक विद्यालयों में 16,460 शिक्षकों की भर्ती का शासनादेश गुरुवार को जारी हो गया है। शासन ने 12,460 सामान्य व 4,000 पदों पर उर्दू भाषा के शिक्षकों की नियुक्तियों के लिए अलग-अलग आदेश जारी किया है। इसमें शिक्षा निदेशक एवं बेसिक शिक्षा
परिषद सचिव को भर्ती कार्यक्रम जल्द जारी करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इसी महीने के अंत तक ऑनलाइन आवेदन लेने का कार्यक्रम भी जारी हो जाएगा।
प्रदेश सरकार की मंशा रही है कि विधानसभा चुनाव के ऐन मौके पर युवाओं की नियुक्ति प्रक्रिया चलती रहे। उसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में एक बार फिर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शासन ने 16,460 पदों पर भर्ती करने के लिए आदेश जारी कर दिया है। भर्ती कार्यक्रम इस माह के अंत तक जारी हो सकता है।
उर्दू भर्ती के लिए बदले गए पद1मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुछ समय पहले परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में उर्दू भाषा के 4,000 शिक्षकों की भर्ती का एलान किया था। नई भर्ती के लिए उर्दू शिक्षकों के पद विभाग में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए बेसिक शिक्षा परिषद ने 12 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए पहले जो प्रस्ताव शासन को भेजा था, उनमें से 4,000 पदों को उर्दू शिक्षक के पद में परिवर्तित करने की सिफारिश की गई थी। शासन ने 4,000 पदों को उर्दू शिक्षकों के पद में बदलने की मंजूरी दे दी है। वहीं, प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों के हाल में ही प्रमोशन हुए थे। पदोन्नति की वजह से भी परिषदीय स्कूलों में कुछ पद रिक्त हुए थे। इन्हें मिलाकर अब कुल 16,460 पदों पर भर्ती हो रही है।
नियुक्ति की अर्हता भी तय 1 शिक्षकों के सामान्य पदों पर भर्ती के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण बीटीसी/विशिष्ट बीटीसी अभ्यर्थी अर्ह होंगे। वहीं उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति के लिए उर्दू बीटीसी योग्यताधारी या 11 अगस्त 1997 से पहले के मोअल्लिम-ए-उर्दू उपाधिधारकों और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डिप्लोमा इन टीचिंग उत्तीर्ण करने वाले उन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी जो भाषा शिक्षकों के लिए आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके होंगे।