28.3.17

झूलेलाल जन्मोत्सव पर कल अवकाश, बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने विद्यालयों में अवकाश का आदेश किया जारी

लखनऊ : भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव (चेटी चंड्र पर्व) पर बुधवार 29 मार्च को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सभी सरकारी कार्यालय, सचिवालय व विद्यालय 29 को बंद रहेंगे। पूर्व में चेटी चंद पर्व का आठ अप्रैल को अवकाश घोषित किया गया था, 
लेकिन अब शासनादेश जारी कर 29 मार्च किया गया है। प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन एनएस रवि ने बताया कि 29 मार्च को ही सचिवालय में अवकाश रहेगा। इसी तरह बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव संजय सिन्हा ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में चेटीचंद का अवकाश 29 मार्च को करने का आदेश जारी किया है।

निदेशालय समेत शिक्षा महकमे में हाई अलर्ट, साफ-सफाई, सीसीटीवी, बायोमीटिक का प्रबंध करने के आदेश जारी

इलाहाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी दो अप्रैल को हाईकोर्ट के स्थापना दिवस के समापन समारोह में आ रहे हैं। पीएम के आने के एक पहले ही सूबाई सरकार संगम शहर में डेरा डालने जा रही है। इसका असर शहर में दिखने भी लगा है। यहां के शिक्षा विभाग के महकमों खासकर निदेशालय व अन्य जगहों पर हाई अलर्ट तक हो गया है। राजधानी से सरकार की प्राथमिकताओं की जो सूचनाएं मिली हैं उसी के अनुरूप काम कराया जा
रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य वरिष्ठ मंत्री के इलाहाबाद एक दिन पहले ही पहुंचने का कार्यक्रम है। इसी के मद्देनजर सड़कों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। यूपी बोर्ड मुख्यालय परीक्षा को देखते हुए हर दिन खुल रहा है ऐसे में वहां भी साफ-सफाई आदि के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय में अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा रमेश ने कई बिंदुओं को समाहित करते हुए आदेश दिया है। इसमें निदेशालय परिसर के भवन व लॉन की साफ-सफाई, सभी कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए बायोमैटिक सिस्टम की व्यवस्था कराने का कहा गया है। सभी अनुभागों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने, माध्यमिक पक्ष के सभी भवनों को वाई-फाई जोन बनाने के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी, अनुभागों में पत्रवलियों के रखरखाव की व्यवस्था सुचारु तरीके से कराने के लिए सकरुलर जारी हुआ है। इतना ही नहीं निदेशालय में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाले प्रकरण 15 दिन में निस्तारित किए जाएं और पत्रवलियों का इंडेक्स रजिस्टर बनाया जाएगा। निदेशालय में पान व गुटखा खाने को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है। अपर निदेशक ने यह सारी व्यवस्थाएं 31 मार्च तक पूरी करने का आदेश दिया है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर दो दिन संगम शहर में होगी सूबाई सरकार
साफ-सफाई, सीसीटीवी, बायोमीटिक का प्रबंध करने के आदेश जारी

न्यू पेंशन स्कीम बढ़ा रही शिक्षकों की दुश्वारियां, शिक्षकों को नई पेंशन स्कीम नहीं आ रही रास

बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को नई पेंशन स्कीम रास नहीं आ रही है। शासन द्वारा पेंशन में शिक्षकों की हिस्सेदारी बेहद कम रखे जाने सहित अनेक नियमों को लेकर शिक्षक काफी परेशान हैं। शिक्षक नई पेंशन स्कीम बंद कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन पर दबाव
बनाया जा रहा है कि वे नई पेंशन स्कीम का फार्म नहीं भरेंगे तो उनका मार्च माह का वेतन रोक लिया जाएगा। ऐसे में शिक्षक असमंजस की स्थिति में हैं।
शिक्षकों का कहना है कि सरकार केवल दस फीसदी अंशदान करेगी जबकि कई नियम नई स्कीम में ऐसे हैं जिन्हें लेकर शिक्षकों में रोष व्याप्त है। शिक्षक नेता भी इसे लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। उनका कहना है कि स्कीम में कर्मचारियों के हित के लिए कुछ नहीं किया गया है। शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश में नई सरकार बनी है और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। पहले उनकी बात को सपा सरकार ने दरकिनार कर दिया था लेकिन उम्मीद है कि प्रदेश की भाजपा सरकार उनकी समस्याओं को समझेगी, लेकिन इसके लिए उन्हें समय नहीं दिया जा रहा है। परिषद के अधिकारी उनपर दबाव बना रहे हैं कि वे न्यू पेंशन स्कीम के लिए फार्म भरकर तुरंत जमा कराए, वरना उनका मार्च माह का वेतन रोक लिया जाएगा।
-शिक्षकों पर नई पेंशन स्कीम के लिए दबाव बनाया जाना असंवैधानिक है। इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें नई पेंशन स्कीम की विसंगतियों से अवगत कराया जाएगा। शिक्षकों को फार्म भरने के लिए और समय दिया जाना चाहिए।
-अनुज शर्मा, जिला संयोजक, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ
-शिक्षकों पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। शासन से फार्म भरने की जो अंतिम तिथि जारी की गई है, उसी के अनुसार कार्य किया जा रहा है।
-देवेंद्र गुप्ता, बीएसए

27.3.17

अनुदेशक साथियों का मानदेय 8470 रू से बढ़ाकर 17000 रू कर दिया गया है ((नीरज पाण्डेय प्रदेश प्रवक्ता उo प्राo अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन))

सम्मानित अनुदेशक साथियों :-
सभी अनुदेशक साथियों को हमारा प्यार भरा नमस्कार। आज खुशी इस बात की है कि हम सभी अनुदेशक साथियों का मानदेय 8470 रू से बढ़ाकर 17000 रू कर दिया गया है। साथियों उo प्राo अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उo प्रo के प्रदेश पदाधिकारियों खासकर प्रदेश अध्यक्ष तेजस्वी शुक्ला जी, महासचिव भोलानाथ पाण्डेय जी व उनकी पूरी टीम (महेन्द्र पाठक जी, विक्रम सिंह जी, प्रियंक मिश्रा जी, विशाल श्रीवास्तव जी आदि) के अथक प्रयासों को हम झुककर सलाम करते हैं कि हम सभी के मानदेय बढ़ोत्तरी के लिए इतनी कड़ी मेहनत की। साथ ही महीनों से अपने घरबार को छोड़ कर जिस त्याग का परिचय दिया है हम सदैव उनके आभारी रहेंगे। आज भोला भाई की सूझबूझ और तेजस्वी भाई के जुझारू कार्यप्रणाली से हम इस मुकाम को हांसिल करने में सफल हुए हैं। साथ ही हम इसके लिए भाजपा के नेताओं व सभी अधिकारियों को चाहे वे प्रदेश स्तर के हों या केन्द्र के हों सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हैं व आभार प्रकट करते हैं।
साथ ही क्रेडिट लूटने वाले संगठन पर अभी हमारा कोई टिप्पणी करने का मूड नहीं है क्योंकि मन को खिन्न नहीं करना चाहता हूँ।
संगठन पर आस्था व विश्वास बनाये रखने के लिए सभी अनुदेशक साथियों का धन्यवाद !
आपका शुभचिंतक
नीरज पाण्डेय
प्रदेश प्रवक्ता
उo प्राo अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन